कांग्रेस विधायक के कार्यालय पर फायरिंग के आरोपियों की गिरफ्तारी को आठ टीमों का गठन
- Vijesh Sharma
- Jun 20, 2026

नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
रोहतक, 20 जून । महम से कांग्रेस के मौजूदा विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बदमाशों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमों का भी गठन किया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फायरिंग करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के महम स्थित कार्यालय पर पहुंचे और चार राउड फायरिंग कर दी। गोली लगने से कार्यालय के गेट के शीशे टूट गए। घटना का पता सुबह उस वक्त लगा जब सुबह कार्यकत्र्ता कार्यालय पहुंचे तो देखा कि शीशे टूटे हुए है। घटना की सूचना मिलने पर महम पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके पर चार खाली गोलियों के खोल भी बरामद हुए है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश युवक फायरिंग करते हुए साफ दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब चुने गए जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है तो आमजनता कैसे सुरक्षित होगी। सबसे बड़ी बात तो यह है कि विधायक कार्यालय के सामने ही पुलिस थाना है और जिस तरह से बदमाशों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है, उससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित का कहना है कि इस मामले को लेकर आठ टिमों का गठन किया गया है और जल्द ही फायरिंग करने वाले युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------

