शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर किया हमला, हिरासत से आरोपित काे छुड़ाया
- DSS Admin
- May 19, 2026
सीवान, 19 मई (हि.स.)। सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के चकरी गांव में सोमवार की देर रात शराब तस्करों और ग्रामीणों का दुस्साहस उस वक्त खुलकर सामने आया, जब शराब बरामदगी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया गया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर पुलिस हिरासत से एक आरोपित को छुड़ाकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि दरौली थाना पुलिस को चकरी गांव में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए एक आरोपित को हिरासत में ले लिया।
इसी बीच जैसे ही पुलिस टीम हिरासत में लिए गए आरोपित को लेकर गांव के बाहर खड़ी वाहन की ओर बढ़ी, तभी दर्जनों की संख्या में महिला और पुरुषों ने अचानक पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया गया। हमले में एक दारोगा समेत दो सिपाही घायल होकर गिर पड़े। मौके का फायदा उठाकर हमलावर हिरासत में लिए गए शराब तस्कर को छुड़ाकर फरार हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिस टीम पर खुलेआम हमला करते और पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते लोग साफ नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आरोपी को छुड़ाने के मामले में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में शराब तस्करों के बढ़ते मनोबल को लेकर लोगों में भी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

