तपन का कुख्यात अपराधी ‘भोला’ गिरफ्तार, इलाके में राहत का माहौल

दक्षिण दिनाजपुर, 19 मई (हि. स.)। लंबे समय से फरार चल रहा तपन थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी कार्तिक सरकार उर्फ़भोला पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मंगलवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बालुरघाट में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ अपहरण, मादक पदार्थ तस्करी और मारपीट सहित छह गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, 2021 में करदह हाई स्कूल के पास से एक व्यवसायी असीम प्रमाणिक के अपहरण मामले में भोला मुख्य साजिशकर्ता था। अपहरण के बाद पीड़ित को मालदा जिले के कालियाचक ले जाकर फिरौती मांगी गई थी। उस समय पुलिस ने छापेमारी कर व्यवसायी को बचा लिया था, लेकिन भोला फरार हो गया था।

मंगलवार को बालुरघाट में संदिग्ध रूप से घूमते हुए पुलिस ने उसे देखा। आरोपित ने पहचान छिपाने के लिए टोपी और मास्क पहन रखा था, लेकिन हुलिया मिलान के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मास्क हटाते ही उसकी पहचान पक्की हो गई।

आरोपित को बुधवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा। लंबे समय बाद इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी से इलाके में राहत का माहौल है।

   

सम्बंधित खबर