नीट परीक्षा में कथित धांधली के विरोध को लेकर एनएसयूआई ने फूंका पुतला

पुतला दहन करते हुए एनएसयूआई के कार्यकर्ता।

धमतरी, 19 मई (हि.स.)। नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेस टेस्ट) परीक्षा में कथित धांधली और प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर जिलेभर में छात्र आक्रोश देखने को मिला। राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के आह्वान पर धमतरी जिले के विभिन्न ब्लाकों में मंगलवार को छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतले दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डे के निर्देश पर जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था, परीक्षा प्रणाली की विफलता और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भखारा में विधानसभा अध्यक्ष लोकेश साहू एवं सौरभ पाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। कुरूद में विधानसभा उपाध्यक्ष यश चंद्राकर और ब्लाक अध्यक्ष जगेन्द्र साहू के नेतृत्व में छात्रों ने विरोध जताया। नगरी में विधानसभा अध्यक्ष अरविन्द यादव और नगर अध्यक्ष राकेश नेताम के नेतृत्व में पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की गई।

इसी तरह बेलर में जिला उपाध्यक्ष चैतन्य साहू एवं वेंकट देवांगन, कुकरेल में ब्लाक अध्यक्ष विवेक कतलाम और जिला सचिव नेकु पर्ते, जबकि मगरलोड में प्रदेश प्रवक्ता लक्की निर्मलकर और ब्लॉक अध्यक्ष सूरज सिन्हा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया।एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर