नेपाल के वित्त मंत्री का दावा : मध्यपूर्व तनाव कम होने के बाद ही घटेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
काठमांडू, 28 जून (हि.स.)। नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने कहा है कि मध्यपूर्व में तनाव कम होने के बाद ही डीजल, पेट्रोल सहित ईंधन के दाम घटने की संभावना है।
प्रतिनिधि सभा की बैठक में रविवार को आर्थिक विधेयक 2083 पर सांसदों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मध्यपूर्व की स्थिति सामान्य होने की संभावना है, जिससे ईंधन की कीमतों में भी गिरावट आने की उम्मीद है।
वित्त मंत्री वाग्ले ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत पहले ही घट चुकी है। हालांकि, नेपाल में भारतीय आयल निगम के माध्यम से आयात होने वाले ईंधन की आपूर्ति प्रक्रिया में समय लगने के कारण फिलहाल कीमत घटाने की स्थिति नहीं बनी है। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में कमी देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा, “मध्यपूर्व में जो समस्या उत्पन्न हुई थी, उसके कारण ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार पड़ा। इस बोझ को कम करने के लिए वित्त मंत्री बनने के दो सप्ताह के भीतर डीजल, पेट्रोल और मिट्टीतेल के आयात पर लगने वाले भंसार शुल्क तथा डीजल और पेट्रोल पर लगने वाले पूर्वाधार विकास कर में 50 प्रतिशत की छूट दी।”
उन्होंने आगे कहा कि अब मध्यपूर्व की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आ चुकी है। लेकिन कच्चे तेल से तैयार ईंधन बनकर भारतीय आयल निगम के जरिए नेपाल तक पहुंचने में कुछ समय लगेगा। वित्त मंत्री वाग्ले ने दावा किया कि पदभार संभालते ही उन्होंने ईंधन की कीमत घटाने के लिए आवश्यक पहल शुरू कर दी थी।
---------------

