जैविक खेती के दम पर पूर्वोत्तर में भारत का अगला ग्रोथ इंजन बनने की क्षमता: वित्त मंत्री सीतारमण
- DSS Admin
- Jun 19, 2026

नई दिल्ली, 19 जून (हि.स)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र अपनी सतत कृषि एवं जैविक उत्पादों की ताकत का उपयोग करके भारत का अगला विकास इंजन बनने की क्षमता रखता है। मेघालय राज्य वैश्विक बाजारों में अपने भरोसे के कारण इस क्षेत्र का नेतृत्व करने की विशेष स्थिति में है।
मेघालय के री-भोई जिले के भोइरिमबोंग में नॉर्थ-ईस्ट की सबसे बड़ी ऑर्गेनिक मसाला प्रोसेसिंग यूनिट के उद्घाटन समारोह में वित्त मंत्री ने कहा कि
कृषि का भविष्य अब केवल अधिक उत्पादन करने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर, स्वच्छ, भरोसेमंद और प्रीमियम गुणवत्ता वाले उत्पाद देने वालों के हाथों में है। वित्त मंत्री ने कहा कि जब मेघालय के किसान आगे बढ़ेंगे, तो पूरा पूर्वोत्तर आगे बढ़ेगा। जब पूर्वोत्तर आगे बढ़ेगा, तो भारत की विकास यात्रा को एक नया इंजन मिलेगा। सीतारमण ने मेघालय सरकार, महिला समूहों और उद्यमियों को राज्य में जैविक कृषि आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बधाई दी।
उन्होंने मेघालय की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य को बड़े कृषि राज्यों के साथ मात्रा के आधार पर प्रतिस्पर्धा करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भविष्य भरोसेमंद गुणवत्ता एवं भरोसेमंद उत्पादकों का है। इस मौके पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले और मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसोंग भी मौजूद थे।
---------------

