केशकाल घाट में ब्रेक फेल होने पर ऑक्सीजन से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
काेंड़ागांव, 15 जून (हि.स.)। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित केशकाल घाट में आज सोमवार को जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा जा रहा ऑक्सीजन से भरा टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर केशकाल घाट से गुजर रहा था। इसी दौरान घाट के दूसरे मोड़ पर वाहन के ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया। इसे देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
टैंकर चालक उदय ठाकुर ने बताया कि ब्रेक फेल होने के बाद उन्होंने तुरंत स्थिति को समझा और टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया। इससे ऑक्सीजन नियंत्रित तरीके से बाहर निकलती रही और टैंक के अंदर दबाव नहीं बढ़ा। चालक के अनुसार, यदि टैंक पूरी तरह बंद रहता तो दबाव बढ़ने से बड़ा हादसा हो सकता था। इससे जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका थी। टैंकर चालक की समझदारी और तत्परता से संभावित खतरा टल गया।
सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। साथ ही यातायात को नियंत्रित कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार भी दिया गया। घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन ने आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के बाद मार्ग को फिर से यातायात के लिए सामान्य कर दिया।
---------------

