प्रखंड और अंचलों में लगे जनता दरबार में अधिकारियों ने सूनी समस्याएं

रांची, 8 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन की पहल पर आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर मंगलवार को जिले के सभी प्रखंड और अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

इस दौरान संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों ने जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

जनता दरबार के दौरान विभिन्न प्रखंड कार्यालय और अंचल कार्यालय में लोगों ने अपनी समस्याएं अंचल अधिकारियों के समक्ष रखीं। इसमें मुख्ये रूप से भूमि संबंधी मामले, भूमि बंटवारा, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, भूमि निबंधन और जमीन मापी से संबंधित शिकायतें आईं।

इस दौरान सभी प्रखंड और अंचल अधिकारियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से लिया। कई फरियादियों की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

जनता दरबार में अंचल निरीक्षक (सीआई) और राजस्व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

राजस्व से संबंधित शिकायतों, जैसे दाखिल-खारिज, अतिक्रमण और भूमि मापी के त्वरित निष्पादन के लिए इन अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई थी। उपायुक्त ने राजस्व कर्मचारियों को जनता की शिकायतों की अद्यतन जानकारी रखने और त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इस व्यवस्था से जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

   

सम्बंधित खबर