जाम से निजात के लिए वन वे ट्रैफिक,सिविल सोसाइटी ने प्रशासन का जताया आभार
- DSS Admin
- Jun 20, 2026

अररिया 20 जून(हि.स.)।फारबिसगंज शहरवासियों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन के द्वारा केजे 64 पर बैरिकेडिंग कर वन वे ट्रैफिक व्यवस्था शुरू की गई है।अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राज किशोर कुमार द्वारा केजे 64 सड़क पर की गई बैरिकेडिंग व्यवस्था का फारबिसगंज सिविल सोसाइटी ने स्वागत किया है। सोसाइटी ने इस पहल के लिए दोनों अधिकारियों के साथ-साथ नगर परिषद प्रशासन की मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती एवं पूरी टीम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा ने कहा कि शहर में लंबे समय से जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे आम नागरिकों, व्यवसायियों तथा बाहर से आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा, सचिव विनोद सरावगी, संरक्षक बछराज राखेचा एवं अजातशत्रु अग्रवाल, प्रवक्ता पवन मिश्रा, कार्यकारिणी सदस्य इंजीनियर आयुष अग्रवाल, अभिषेक नीरज, पत्रकार पंकज रंजीत, राकेश रोशन सहित अन्य सदस्यों द्वारा तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला एवं शैलजा पांडे को ज्ञापन सौंपकर शहर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की गई थी।
उस समय अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया था, किंतु विभिन्न कारणों से व्यवस्था को अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। अब वर्तमान अनुमंडल प्रशासन द्वारा शनिवार से जाम की समस्या के समाधान के लिए जो नई व्यवस्था लागू की गई है, उससे शहरवासियों में उम्मीद जगी है।
सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि बैरिकेडिंग एवं यातायात नियंत्रण की यह व्यवस्था न केवल शहरवासियों बल्कि व्यापारियों, वाहन चालकों एवं बाहर से आने वाले यात्रियों को भी जाम की समस्या से राहत दिलाने में कारगर सिद्ध होगी। उन्होंने प्रशासन से इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू रखने तथा आवश्यकतानुसार आगे भी सुधारात्मक कदम उठाने का अनुरोध किया है।

