हिसार : निर्माण मजदूरों पर नित नई शर्तों से भवन निर्माण कामगार यूनियन में आक्रोश : जांगड़ा
- Admin Admin
- Feb 13, 2025

हिसार, 13 फरवरी (हि.स.)। भवन निर्माण कामगार यूनियन ने सरकार द्वारा निर्माण
मजदूरों पर नई-नई शर्तों को लगाने का विरोध जताया है। यूनियन ने इस तरह की शर्तों पर
आक्रोश प्रकट किया। यूनियन संगठन ने बैठक करके आलोचना की। संगठन के प्रधान लीलूराम जांगड़ा ने गुरुवार को कहा कि सरकार द्वारा निर्माण
मजदूरों के ऑनलाइन काम के लिए पोर्टल पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 से शाम 8 बजे
तक समय निर्धारण किया है।
शनिवार, रविवार या अन्य सरकारी अवकाश पर यह पोर्टल कार्य
नहीं करेगा। निर्माण मजदूर अपना कार्य सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 से शाम 8 बजे तक
समयावधि में ही करवा पाएगा। निर्माण मजदूरों के ऑनलाइन कार्य पर इस तरह की रोक लगाना
औचित्यहीन है क्योंकि निर्माण मजदूरों का कोई समय नहीं होता। इस तरह की नीति का विरोध
किया जाता है। सरकार से मांग की जाती है कि अपने तुर्की फरमान को तुरंत प्रभाव से वापस
लिया जाए। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो 25 फरवरी को हिसार के डीसी कार्यालय पर निर्माण
मजदूर डेरा डालेंगे।
बैठक में संगठन के हिसार तहसील के सचिव राकेश गगंवा ने कहा कि सरकार हर रोज
नई-नई शर्त लगाकर निर्माण मजदूर को मिलने वाले लाभ पर रोक लगाने जा रही है। चुनाव के
समय सरकार ने पंजीकृत श्रमिकों को फायदे और लाभ देने की बात कही थी, सरकार बन जाने
के बाद अब इसके विपरीत हो रहा है। भवन निर्माण कामगार यूनियन सरकार के इस रवैये पर
रोष प्रकट करती है और आने वाली 25 फरवरी को हिसार के डीसी कार्यालय पर डेरा डालेंगे।
निर्माण मजदूर इसके तहत गांव यूनिट कमेटी में बैठकर करके मजदूरों को जागरुक करते हुए
क्रांतिमान पार्क में इकट्ठा होंगे और वहां से प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय
पर डेरा डालेंगे। उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़ा करके श्रम कल्याण बोर्ड से लाखों करोड़ों
रुपए का घोटाला किया जा रहा है। यूनियन इन पर भी सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर