समय पर होंगे पंचायत चुनाव, एक करोड़ रोजगार देने के लक्ष्य पर काम कर रही सरकार : मंत्री दीपक प्रकाश

सीवान, 19 जून (हि.स.)। बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएंगे। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आरक्षण रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।

शुक्रवार को शहर के गोपालगंज मोड़ स्थित परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि सरकार पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सरकार कार्य कर रही है तथा पंचायतों के माध्यम से संचालित योजनाओं में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में रोजगार सृजन प्रमुख है। आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य को लेकर सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

दीपक प्रकाश ने बताया कि वे राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से मिलने सीवान आए हैं। इस दौरान वे संगठन की गतिविधियों और क्षेत्र की राजनीतिक एवं सामाजिक स्थिति की जानकारी भी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद मिलता रहेगा तो वे मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करते रहेंगे।

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने तथा विधायक या विधान परिषद सदस्य बने बिना दूसरी बार मंत्री बनाए जाने से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। आधिकारिक नोटिस मिलने के बाद कानूनी पहलुओं का अध्ययन कर उचित जवाब दिया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अब्दुल रिजवान, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष स्मृति कुमुद, अभिषेक कुमार समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अपने सीवान दौरे के दौरान मंत्री महाराजगंज प्रखंड के देवरिया गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुखिया स्वर्गीय आजादी बाबू के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व हृदयाघात से उनका निधन हो गया था। इसके अलावा मंत्री सदर प्रखंड के भंटा पोखर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय हरेंद्र भगत की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में ओरमा गांव जाकर लाल बाबू कुशवाहा का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

---------------

   

सम्बंधित खबर