राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के लिए नए जोश से काम जारी रखेगा एनडीएः प्रधानमंत्री

राजग बैठक के दौरान झालमुरी खाते समय प्रधानमंत्री

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राष्ट्र सेवा और विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए नए जोश के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा। गठबंधन को सत्ता में आए हुए आज 12 वर्ष हो गए हैं।

केंद्र में राजग सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में देशभर के गठबंधन से जुड़े नेताओं की बैठक हुई।

देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर आज भारत मंडपम में राजग नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। इस दौरान गठबंधन के नेताओं और राजग सरकारों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें उपहार देकर उनका अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर बैठक की तस्वीर साझा की और राजग के मुख्यमंत्रियों और नेताओं को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “राजग की यात्रा राष्ट्रीय हित और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के साझा संकल्प से प्रेरित रही है। इस भावना ने हमारे लोकतंत्र को मजबूत किया है, सहकारी संघवाद को गहरा किया है और विकास को गति दी है। पिछले 12 वर्षों में, एनडीए ने एक स्थिर सरकार प्रदान की है जिसने सभी क्षेत्रों में प्रगति को आगे बढ़ाया है।”

प्रधानमंत्री ने बैठक के बीच में ब्रेक के दौरान झालमुरी खाने से जुड़ी तस्वीरें भी साझा की हैं। उन्होंने लिखा, “भारत मंडपम में एनडीए की बैठक के दौरान झालमुरी का नाश्ता। हमारे सभी नेताओं ने इस नाश्ते का खूब आनंद लिया!” खास बात यह रही कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु भट्टाचार्य ने उन्हें झालमुरी परोसी।

---------------

   

सम्बंधित खबर