प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल विकसित भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक : सिरसा

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली के अनेक मंदिरों के दर्शन कर मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के लिए पूजा और प्रार्थना की।

इस अवसर पर उन्होंने राजौरी गार्डन स्थित ब्राह्मण समाज मंदिर, चौखंडी चौक हनुमान मंदिर तथा विष्णु गार्डन के एस-ब्लॉक स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिरों के दर्शन के दौरान मंत्री सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्र के नेतृत्व में 12 वर्षों का गौरवशाली सफर निःस्वार्थ सेवा, सुशासन और राष्ट्र विकास के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। अंत्योदय के सिद्धांत तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के विजन से प्रेरित होकर उन्होंने करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं को साकार किया है और विकसित भारत की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि “26 मई 2014 को प्रारंभ हुई प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा आज 4,399 दिनों के ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गई है। यह केवल एक संख्या नहीं, बल्कि लगभग 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, उनकी आकांक्षाओं और विकसित भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है।

प्रधानमंत्री की राष्ट्रसेवा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए सिरसा ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश और उसके नागरिकों के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र की सेवा को समर्पित करना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने सदैव राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखा है और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किया है। उनका नेतृत्व करोड़ों भारतीयों तथा सार्वजनिक जीवन से जुड़े सभी लोगों को प्रेरित करता है।

कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सक्रिय एवं दूरदर्शी नेतृत्व ने अभूतपूर्व संकट के समय देश में एकजुटता और आत्मविश्वास को मजबूत किया। उनके निर्णायक मार्गदर्शन में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान संचालित किया गया तथा स्वदेशी वैक्सीनों का तीव्र विकास संभव हुआ, जिसने लाखों लोगों के जीवन की रक्षा करने और देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही संकट के समय करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराकर उन्हें आवश्यक राहत प्रदान की गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर