एटीएम फ्रॉड करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

29 एटीएम कार्ड व नकदी बरामद; लोगों से सतर्क रहने की अपील: डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत

प्रयागराज, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार को एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम दोनों युवकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि आम नागरिकों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता है। एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि एटीएम पर किसी अजनबी की सहायता न लें और अपना पिन किसी से साझा न करें।

पुलिस आयुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना नवाबगंज पुलिस ने दो शातिर एटीएम फ्रॉड आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 29 एटीएम कार्ड तथा ठगी से प्राप्त 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य यादव उर्फ छोटू निवासी लालगंज अइझरा, प्रतापगढ़ तथा रवि पटेल निवासी मानिकपुर कुंडा, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। दोनों को मंसूराबाद स्थित इंडिया एटीएम के पास से गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर थाना नवाबगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम पर आने वाले लोगों को पैसे निकालने में मदद का झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल देते थे। इसके बाद गुप्त रूप से पिन नंबर जानकर दूसरे एटीएम से खाते से पैसे निकाल लेते थे और रकम आपस में बांट लेते थे।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मंसूराबाद उपनिरीक्षक भीष्म नारायण सिंह, उपनिरीक्षक रोहित गौंड, उपनिरीक्षक इन्द्रजीत यादव, हेड कांस्टेबल भानू शुक्ला एवं आरक्षी अभिषेक चौरसिया की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

   

सम्बंधित खबर