पलवल में मकान की छत गिरने से किशोरी की मौत, माता-पिता व भाई घायल
- Vijesh Sharma
- Jun 23, 2026

पलवल, 23 जून । पलवल के हुडा सेक्टर-दो क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में मकान की छत गिरने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को हुडा सेक्टर-दो के समीप रहने वाले मोबिन का परिवार मकान की पहली मंजिल पर बने चौबारे में सो रहा था। इसी दौरान गार्टर-पटिया से बनी छत अचानक भरभराकर गिर गई। छत गिरने से परिवार के सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकाला गया। हादसे में मोबिन की 14 वर्षीय बेटी अलीशा की मौके पर ही मौत हो गई। अलीशा नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वहीं मकान मालिक मोबिन, उनकी पत्नी सलमा और 16 वर्षीय पुत्र अयान घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतका के पिता मोबिन ने बताया कि उनका मकान करीब 20 वर्ष पुराना था। बाद में उन्होंने इसकी ऊपरी मंजिल का निर्माण कराया था। छत पर बरसात का पानी अकसर जमा हो जाता था, जिसके कारण छत कमजोर हो गई थी। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही छत की मरम्मत करवाने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा मकान की जर्जर छत गिरने के कारण प्रतीत हो रहा है। बताया गया है कि मोबिन टैक्सी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और उनकी गाड़ियां विभिन्न ऑनलाइन परिवहन सेवाओं से संचालित होती हैं।
---------------

