पलवल में 15 लाख की अवैध शराब बरामद, ट्रक चालक-परिचालक गिरफ्तार

177 पेटियों में मिली 2,124 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब


पलवल, 10 जून । पलवल जिले में हसनपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महंगे ब्रांड की करीब 15 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी हरीओम के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस टीम प्रदीप कुमार लिखी चौक क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि झज्जर से एक ट्रक में अन्य सामान के बीच तिरपाल से ढककर महंगे ब्रांड की अवैध शराब तस्करी के लिए लाई जा रही है। सूचना के अनुसार शराब को खांबी गांव की ओर से हसनपुर क्षेत्र में पहुंचाया जाना था।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आबकारी विभाग के अधिकारी अशोक कुमार को मौके पर बुलाया और लिखी-मच्छीपुरा रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक दिखाई दिया, जिसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस जांच में चालक ने अपना नाम मुनफेद तथा परिचालक ने फरकान बताया। आबकारी अधिकारी की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में रखी 177 पेटियों से कुल 2,124 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मोबाइल फोन के माध्यम से केवल शराब उतारने के स्थान की जानकारी दी जानी थी। शराब किसकी है और इसे किसे पहुंचाना था, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस ने ट्रक और बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य तस्करों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच और पूछताछ जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर