गुरदासपुर में आल्टो कार के उड़े परखच्चे, पठानकोट के चार युवकों की मौत
- DSS Admin
- May 19, 2026
गुरदासपुर, 19 मई । पंजाब के गुरदासपुर में मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में
आल्टो कार में सवार 4 युवकों
की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों
युवक गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों
के अनुसार सुबह करीब 4 बजे
जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके
बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद पुलिस ने कटर
की मदद से कार की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि चारों युवक
एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए थे। मौके
पर मौजूद लोगों के मुताबिक दो
युवकों के शव पिछली सीट पर मिले, जिनमें
से एक शव दो सीटों के बीच फंसा हुआ था, जबकि दूसरा उसके ऊपर पड़ा था। आगे बैठे
दोनों युवक भी एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए थे और कार में बुरी तरह फंसे हुए थे।
पुलिस के अनुसार मृतकों
में से एक की पहचान भदरोआ की टीचर कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय विक्रम उर्फ विक्की के रूप में
हुई है। वह पठानकोट में स्लीपवेल मैट्रेस के शोरूम में काम करता था। विक्की कुछ दिन पहले अपने दोस्तों के साथ घूमने गया हुआ था। वह दो बच्चों
का पिता था। परिजनों
के मुताबिक हादसे से पहले विक्की ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि वह सुबह देर
से घर पहुंचेगा और काम पर जाने के लिए उसके कपड़े प्रेस कर दे। परिवार को यह भी
नहीं पता था कि वह किन दोस्तों के साथ गया हुआ था।
पुलिस
ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी युवक पठानकोट
के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि
तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि हादसा
कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही
है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार आल्टो कार किसी अज्ञात
भारी वाहन, जैसे ट्रक या ट्राले,
से पीछे से टकरा गई होगी। पुलिस मामले
की जांच में जुटी हुई है।
--------------------------

