पुलिस ने पकड़ा शराब से लदा ट्रक, दो गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर अवतारनगर पुलिस ने पकड़ा शराब से लदा ट्रक दो गिरफ्तार

सारण, 15 जून (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत अवतारनगर थाना पुलिस ने एक डीसीएम ट्रक से कुल 1589.60 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार अवतारनगर थाना को मद्यनिषेध टीम पटना से एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि डोरीगंज के रास्ते दिघवारा की ओर एक डीसीएम ट्रक में विदेशी शराब ले जाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाया गया, तो चालक भागने लगा। पुलिस बल ने घेराबंदी कर चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान टोंक राजस्थान निवासी पायलट गुर्जर उर्फ देवेन्द्र गुर्जर और राजेश गुर्जर के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने ट्रक के भीतर शराब होने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान पुलिस ने शराब के साथ-साथ उक्त ट्रक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस ने इस संबंध में अवतारनगर थाना कांड संख्या-206/26 दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के इस पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क और मुख्य आपूर्तिकर्ताओं का पहचान किया जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर