राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला

देहरादून, 23 जून (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है। शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की और अब इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

मंगलवार को देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रवक्ता शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राम मंदिर से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर उन्हें जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों की ओर से भी चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे उठाए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा इस विषय पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। शर्मा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित एसआईटी वास्तविक दोषियों तक पहुंचने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि इससे पहले भी मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों पर भूमि खरीद में अनियमितताओं के आरोप लगे थे, लेकिन उन मामलों की जांच का परिणाम सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण से जुड़े कुछ लोगों ने कमीशनखोरी के आरोप लगाए थे और आवाज उठाने वालों को ट्रस्ट से बाहर कर दिया गया।

शर्मा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले की जांच उच्च न्यायालय अथवा सर्वोच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जानी चाहिए। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े बैंक खातों और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, मनोज सैनी और देवेंद्र सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर