सुपौल, 18 मई (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से 108 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक टोटो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब की खेप को क्षेत्र में सप्लाई करने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क की योजना पर पानी फेर दिया।
प्रतापगंज थाना पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपिताें से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में पहुंचाया जाना था।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद सीमावर्ती इलाकों से लगातार तस्करी की कोशिशें हो रही हैं। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

