चाय बागान में हाथी शावक की मौजूदगी से दहशत

सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (हि. स.)। चाय बागान में हाथी के शावक की मौजूदगी से दहशत का महौल है। वन विभाग ने एतियातन बागान में काम बंद करवा दिया है। दरअसल, नक्सलबाड़ी के पहाड़गुमिया चाय बागान में गुरुवार को हाथी का एक शावक अपने दल से भटक कर फंस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह दस हाथियों का झुंड टुकरियाझार जंगल से पहाड़गुमिया चाय बागान होते हुए बागडोगरा जंगल जा रहा था। हाथियों का झुंड जंगल में लौटते समय एक शावक बीच में फंस गया। फिर भटका हुआ शावक पहाड़गुमिया चाय बागान के आसपास घूमता रहा। खबर लिखे जाने तक हाथी शावक बागान में शरण लिए हुए था जिससे श्रमिक दहशत में है।

खबर मिलने के बाद बागडोगरा रेंज, टुकरियाझार रेंज और घोषपुकुर रेंज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बाद में वन विभाग ने बागान में चाय पत्ता तोड़ने का काम बंद करा दिया।

वन विभाग के अनुसार, शावक को शाम के बाद जंगल में वापस भेजने का काम शुरू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

   

सम्बंधित खबर