प्रधानमंत्री ने अभिनेत्री सरोजा देवी के निधन पर शोक जताया
- Admin Admin
- Jul 14, 2025

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तमिल सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मोदी ने कहा कि उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतिमूर्ति के रूप में याद किया जाएगा। उनके विविध अभिनय ने पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी है। विभिन्न भाषाओं और विविध विषयों पर आधारित उनकी कृतियां उनकी बहुमुखी प्रतिभा को उजागर करती हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा, “प्रसिद्ध फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतिमूर्ति के रूप में याद किया जाएगा। उनके विविध अभिनय ने पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी। विभिन्न भाषाओं और विविध विषयों पर आधारित उनकी कृतियां उनकी बहुमुखी प्रतिभा को उजागर करती हैं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
उल्लेखनीय है कि सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। पद्मभूषण से अलंकृत सरोजा देवी ने अपने सात दशक लंबे फिल्मी करियर में 200 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार