पंजाब में कक्षा 6 से 8 के छात्रों के लिए 'बैगलेस डे' लागू करने की तैयारी
- DSS Admin
- May 19, 2026
चंडीगढ़, 19 मई ।
पंजाब के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य परिषद शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण (एससीईआरटी) ने पूरे शैक्षणिक सत्र 2026–27 के दौरान 10 'बैगलेस डे' लागू करने का प्रावधान किया है। यह योजना मई से फरवरी, 2027 के बीच चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक रट्टा प्रणाली से हटकर छात्रों को अनुभव आधारित, गतिविधि-आधारित और कौशल विकास वाली शिक्षा से जोड़ना है। इन दिनों में छात्रों को किताबों के भारी बस्ते से राहत मिलेगी और वे कक्षा के बाहर व्यवहारिक गतिविधियों में भाग लेंगे।
एससीईआरटी के अनुसार इन विशेष दिनों में छात्रों को भाषा आधारित गतिविधियां, नाटक, कविता पाठ, गणितीय खेल, विज्ञान प्रयोग, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम और स्थानीय भ्रमण जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, सामाजिक-भावनात्मक सीख और 21वीं सदी के कौशल विकसित करना है। शिक्षकों को इन दिनों के लिए विशेष गतिविधि योजना तैयार करनी होगी। स्कूलों में लैब, प्रोजेक्टर, खेल सामग्री और स्थानीय विशेषज्ञों की मदद से गतिविधियां कराई जाएंगी। विभाग ने विशेष जरूरत वाले बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम छात्रों में पढ़ाई का दबाव कम करेगा और सीखने को रोचक बनाएगा। मोहाली के शिक्षक हरप्रीत सिंह के अनुसार ऐसी गतिविधियां बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता को बढ़ाती हैं और स्कूल को आनंददायक बनाती हैं। अभिभावक सीमा कौर ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी मिलना जरूरी है, लेकिन इसके लिए स्कूलों में संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी होगी।
------------------

