पूर्णियाँ विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में छात्रहित के 20 सूत्री मांगपत्र पर सौंपा गया ज्ञापन
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
पूर्णिया, 02 जुलाई (हि.स.)।
पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित सिंडिकेट बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों को लेकर छात्र प्रतिनिधियों ने सिंडिकेट सदस्यों को 20 सूत्री मांगपत्र सौंपा।
ज्ञापन सिंडिकेट सदस्य अशोक कुमार बादल एवं एम.पी. सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में विश्वविद्यालय में लंबित शैक्षणिक कार्यों, परीक्षा व्यवस्था, नामांकन प्रक्रिया, पीएच.डी., प्रमाण-पत्र वितरण, समर्थ पोर्टल की तकनीकी समस्याओं, कथित अनियमितताओं तथा छात्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
मांगपत्र में प्रमुख रूप से पीएच.डी. सत्र 2024 एवं 2025 की प्रवेश परीक्षा शीघ्र आयोजित करने, लंबित अंकपत्र, मूल प्रमाण-पत्र एवं प्रोविजनल प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने, दीक्षांत समारोह आयोजित कर डिग्री वितरण सुनिश्चित करने, स्नातक पार्ट-1 के छूटे विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने, विभिन्न सत्रों के लंबित अंकपत्र जारी करने, एमबीए, बीसीए एवं अन्य पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने, पीएच.डी. शोध कार्यों में हो रही देरी दूर करने, अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पीएच.डी. कोर्स वर्क परीक्षा शीघ्र कराने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त समर्थ पोर्टल की तकनीकी त्रुटियों, निजी पोर्टलों के माध्यम से अतिरिक्त शुल्क वसूली, पीएटी-2023 के अभ्यर्थियों को अंकपत्र एवं क्वालिफाइंग प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने, पीजी एवं एलएलबी नामांकन प्रक्रिया शुरू करने, परीक्षा विभाग में कथित अवैध वसूली एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था की जांच, प्रमाण-पत्रों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा होलोग्राम से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच, एमएचएनडी महाविद्यालय में 6,500 रुपये की कथित अवैध वसूली की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा यूएमआईएस जैसी समानांतर व्यवस्था समाप्त कर केवल समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सिंडिकेट सदस्यों से आग्रह किया कि सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर छात्र जदयू के जिला अध्यक्ष अंकित झा, उपाध्यक्ष किशन भारद्वाज, अमन श्रीवास्तव, सम्राट सिंह, आयुष तथा विद्यार्थी परिषद की ओर से रितेश यादव, डीएम कुमार, विकाश कुमार, आयुष राज आनंद, चंदन, हिमांशु, नितीश पासवान, नितिन एवं पीयूष, रौनक कुमार सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।

