राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता:सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील

सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुविभागों और तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्रकरणों का निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण समय-सीमा से बाहर लंबित नहीं रहना चाहिए और आम नागरिकों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, भू-अर्जन, पट्टा वितरण एवं अभिलेख दुरुस्तीकरण जैसे विभिन्न मामलों की न्यायालयवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही स्वामित्व योजना की प्रगति तथा वन अधिकार पट्टा से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों में गति लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर