अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बने रहेंगे पंजाब कांग्रेस प्रधान

- प्रताप बाजवा नेता प्रतिपक्ष तो चरणजीत चन्नी को प्रचार कमेटी की कमान

- पार्टी ने सभी गुटों को को किया संतुष्ट

चंडीगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने नेताओं को नई जिम्मेदारी दी है। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष के पदों पर तो कोई बदलाव नहीं किया लेकिन इन पदों पर दावेदार नेताओं को जिम्मेदारी देकर असंतोष को खत्म करने का प्रयास किया है। नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने प्रदेश में दलित, जट्ट सिख, हिंदू तथा अन्य जातिगत समीकरणों में संतुलन बनाने का प्रयास किया है। सभी वर्गों एवं गुटों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं को एड़जस्ट कर दिया गया है।

कई दिनों तक चली बैठकों के बाद बुधवार शाम महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। चन्नी का नाम पिछले कई दिनों से प्रदेश अध्यक्ष के लिए चल रहा था। इस कमेटी में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैहरा, राणा गुरजीत सिंह तथा पटियाला के सांसद डॉ धर्मवीर गांधी को को-चेयरपर्सन लगाया है।

एक और अध्यक्ष पद के दावेदार विजय इंद्र सिंगला को चुनाव प्रबंधन एवं तालमेल कमेटी का चेयरमैन लगाया गया है। इस कमेटी में पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी, रजिया सुलताना, कुलजीत सिंह नागरा, अंगद सिंह सैनी, भारत भूषण आशु को शामिल किया गया है।

इसी प्रकार डॉ अमर सिंह को चुनाव घोषणा पत्र कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। इस कमेटी में गुरजीत सिंह औजला, परगट सिंह, हरदयाल सिंह कंबोज तथा सुखबिंद्र सिंह सरकारिया को शामिल किया गया है।

के.सी. वेणुगोपाल ने स्पष्ट किया है कि अमरिंद्र सिंह राजा वड़िंग तथा प्रताप सिंह बाजवा के पदों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। वह प्रदेश अध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे। कांग्रेस ने माझा, मालवा तथा दोआबा पट्टी का ख्याल रखते हुए सुखविंद्र सिंह डैनी, राजकुमार वेरका तथा संगत सिंह गिलजियां को पार्टी का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है।

---------------------

   

सम्बंधित खबर