जिला कैपेक्स बजट 2026-27 के कार्यों की समीक्षा बैठक

Review meeting on works under the District Capex Budget 2026-27


कठुआ, 03 जुलाई । डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने जिला कैपेक्स बजट 2026-27 के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा, आईएएस प्रोबेशनर निधि, मुख्य योजना अधिकारी रणजीत ठाकुर, सहायक आयुक्त विकास अखिल सडोत्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान डीसी ने जिला कैपेक्स बजट के विभिन्न घटकों के अंतर्गत चल रहे कार्यों की सेक्टरवार समीक्षा की। इनमें जिला विकास परिषद अनुदान, ब्लॉक विकास परिषद अनुदान, एरिया बेस्ड डेवलपमेंट प्रोग्राम, एस्पिरेशनल पंचायत डेवलपमेंट प्रोग्राम, सीमा समृद्धि सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, टेंडरिंग की स्थिति और निर्धारित समय-सीमा का विस्तार से आकलन किया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए ताकि कार्यों का निष्पादन बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके। उन्होंने कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्धारित गति बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने हर स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा ताकि बनाए जा रहे सार्वजनिक परिसंपत्तियां टिकाऊ, उपयोगी और जनहितकारी हों। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने, जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सतत निगरानी और मौके पर निरीक्षण से जवाबदेही बढ़ेगी और कार्य समय पर पूरे होंगे। उपायुक्त ने कार्यान्वयन में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि प्रशासनिक और तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके। अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से समर्पण के साथ कार्य करने और जनहित में स्वीकृत सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर