बलरामपुर : प्राथमिकता वाली योजनाओं में धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
बलरामपुर, 15 जून (हि.स.)। आज सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा न्यायालयीन मामलों की समीक्षा की। बैठक में कई योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के अंतर्गत दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित शिकायतों पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सामाजिक सहायता पेंशन से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता देने को भी कहा गया।
बैठक में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की निगरानी करने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। कलेक्टर ने इन सभी मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को समय पर राहत देने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यह शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित मैदानी भ्रमण कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने खाद एवं बीज भंडारण और उठाव की स्थिति की भी समीक्षा की तथा किसानों को समय पर कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं उच्च न्यायालय से संबंधित लंबित प्रकरणों, पीजी पोर्टल, जनदर्शन और जन शिकायतों के निराकरण में भी तेजी लाने को कहा।
वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी नगरीय निकायों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा स्वच्छता संबंधी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव जैसी स्थिति न बने।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति, ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा सामाजिक सहायता पेंशन हितग्राहियों के आधार प्रमाणीकरण की भी समीक्षा की गई। धीमी प्रगति वाले विभागों को अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र को लेकर शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 18 से 20 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय शिविर तथा आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

