सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाएं: समय पर मिला निवास प्रमाण पत्र, छात्रा पदमा राठिया की पढ़ाई को मिली रफ्तार
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
कोरबा, 1 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी 'सेवा सेतु' पहल आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बनती जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन और जनसेवा की भावना के तहत शुरू की गई इस व्यवस्था के जरिए लोगों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है और समय, श्रम तथा धन की बचत हो रही है।
इसी पहल का लाभ कोरबा जिले के ग्राम लबेद निवासी मोहित राम को मिला। उनकी पुत्री पदमा राठिया, जो कक्षा 9वीं की छात्रा हैं, को शैक्षणिक कार्यों के लिए निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे ग्रामीण परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता था।
मोहित राम ने कलेक्ट्रेट स्थित सेवा सेतु केंद्र में निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह सरल और सुगम रही तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनकी पुत्री का निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इससे उन्हें बिना किसी भागदौड़ के आवश्यक दस्तावेज समय पर मिल गया और छात्रा के शैक्षणिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।
मोहित राम ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उनका काम बेहद आसानी और कम समय में पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि अब शासकीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय, मेहनत और आर्थिक खर्च तीनों की बचत हो रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु की वजह से उनकी पुत्री के लिए आवश्यक निवास प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध हो सका, जिससे उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है और इसका लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
मोहित राम ने विश्वास जताया कि सेवा सेतु के माध्यम से आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने इस जनहितकारी पहल के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
सरकार की यह पहल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सेवा सेतु के जरिए प्रमाण पत्रों सहित विभिन्न नागरिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाने से लोगों को त्वरित राहत मिल रही है और सुशासन की अवधारणा को भी मजबूती मिल रही है।

