भखारा मेंं खुली स्मार्ट लाइब्रेरी , युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
- DSS Admin
- May 19, 2026
अजय चंद्राकर ने किया शुभारंभ, एक पेड़ मां के नाम अभियान में हुआ पौधारोपण
धमतरी, 19 मई (हि.स.)। कुरुद विकासखंड के भखारा क्षेत्र के युवाओं के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। आधुनिक अध्ययन सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट लाइब्रेरी का शुभारंभ विधायक अजय चंद्राकर ने किया। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से तैयार इस लाइब्रेरी से अब ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी डिजिटल अध्ययन सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्मार्ट लाइब्रेरी में इंटरनेट सुविधा से जुड़े पांच कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही एक समय में करीब 30 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था की गई है। लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और शांत अध्ययन वातावरण सहज रूप से मिल सकेगा। शुभारंभ अवसर पर अजय चंद्राकर ने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह स्मार्ट लाइब्रेरी युवाओं के सपनों को नई दिशा देने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। अजय चंद्राकर ने काजू, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने अमरूद तथा कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कटहल का पौधा लगाया। इस दौरान अजय चंद्राकर ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्मार्ट लाइब्रेरी के शुभारंभ से क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

