शॉर्ट सर्किट से ब्रजराज हॉस्पिटल में भरा धुआं, मरीजाें काे किया गया शिफ्ट
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
12 मरीज सुरक्षित दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट, चार गंभीर मरीज शामिल
हमीरपुर 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित ब्रजराज हॉस्पिटल में गुरुवार को शाम एमसीबी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से अस्पताल परिसर में धुआं भर गया। धुएं के कारण भर्ती मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके चलते अस्पताल प्रशासन ने तत्काल 12 मरीजों को स्ट्रेचर के माध्यम से पास की दूसरी बिल्डिंग में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया। इनमें चार गंभीर मरीज भी शामिल थे।
घटना के दौरान अस्पताल कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अग्निशमन यंत्रों की मदद से स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया। हालांकि धुआं फैलने से कुछ देर के लिए मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने, गुरुवार को बताया कि अस्पताल के पास फायर एनओसी, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी प्रमाणपत्र समेत सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। अस्पताल संचालक केके लक्षाकार ने स्पष्ट किया कि यह केवल शॉर्ट सर्किट से धुआं भरने की घटना थी, आग नहीं लगी थी। सभी मरीज सुरक्षित हैं और अस्पताल की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
---------------

