66वें केंद्रीय आवासीय खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, खिलाड़ियों को दिया फिट इंडिया का संदेश
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
जयपुर, 10 जून (हि.स.)। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित 66वें केंद्रीय आवासीय खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को जयपुर में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त मुख्य सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए फिटनेस, अनुशासन और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
प्रवीण गुप्ता ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के लिए केवल खेल कौशल विकसित करने का मंच नहीं, बल्कि नवाचार, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन सीखने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों से फिट इंडिया मूवमेंट के संदेश को गांव-गांव और समुदायों तक पहुंचाने तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि पिछले 65 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह शिविर 14 विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। अनुभवी और योग्य प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ी अपनी तकनीकी दक्षता, फिटनेस और प्रदर्शन को बेहतर बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से सक्षम खिलाड़ी ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रवीण गुप्ता ने कहा कि राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन इस शिविर के लिए किया गया है। ऐसे में खिलाड़ियों को इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए एक-दूसरे के अनुभवों और तकनीकों से सीखना चाहिए। उन्होंने तीरंदाजी, बास्केटबॉल, शूटिंग, क्याकिंग और साइक्लिंग जैसे खेलों में खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, समर्पण और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान खिलाड़ियों और अभिभावकों से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव भी लिए जाएंगे, ताकि भविष्य में और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। खिलाड़ियों को हाई परफॉर्मेंस सेंटर का अवलोकन करने तथा बायोमैकेनिक्स जैसी आधुनिक खेल विज्ञान तकनीकों की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई। उनके अनुसार आधुनिक तकनीकों का उपयोग खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने युवाओं से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने और फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक खेल तकनीकों और उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराना है, जिससे वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान और देश का नाम रोशन कर सकें।
---------------

