योग को जीवन का हिस्सा बनाकर रहें निरोग, स्वस्थ भारत के निर्माण में दें योगदान : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

योग फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

बिलासपुर 21 जून (हि.स.)। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बहतराई स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग रही। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, पूर्व महापौर किशोर राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी संस्था की मंजू दीदी ने योगाभ्यास का संचालन किया। प्रतिभागियों ने वृक्षासन, ताड़ासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, त्रिकोणासन भुजंगासन, वज्रासन अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी, ध्यान सहित विभिन्न योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विद्या है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी गई और आज पूरी दुनिया इसे उत्साहपूर्वक मना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। इस वर्ष की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देती है। यदि हम प्रतिदिन एक घंटा योग करें तो अनेक बीमारियों से बच सकते हैं तथा जीवनभर निरोग रह सकते हैं। योग मन और मस्तिष्क को शांत रखता है तथा बिना किसी खर्च के स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर