प्रयागराज: एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी बदमाश

प्रयागराज,03 जून (हि.स.)। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने मंगलवार को 8 लाख की लूट मामले में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश को कर्नलगंज थाना क्षेत्र में दूरदर्शन केन्द्र प्रयागराज के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। यह जानकारी एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार इनामी प्रतापगढ़ जनपद के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सम्हा तिवारीपुर खुर्द गांव निवासी समीर पुत्र खुर्शीद है। इसके खिलाफ प्रयागराज जनपद के सोरांव एवं कर्नलगंज थाने में लूट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि इसके गांव का निवासी शहंशाह लूट गिरोह का सरगना है। इस गिरोह के समीर, वासिद अली,शेबू, मो.सलीम, शक्ति सिंह सक्रिय सदस्य हैं।

इसके खिलाफ कर्नलगंज थाने में वर्ष 2022 में 8 लाख की लूट का मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद से यह फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए 50हजार का इनाम घोषित किया गया था। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ प्रयागराज की फील्ड इकाई के प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में निरीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं उनकी टीम लगी हुई थी। टीम में साजित अली, अजय सिंह यादव, किशन चन्द्र, सोनू यादव, प्रभंजन पाण्डेय और रविकांत को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर टीम ने कर्नलगंज थाना क्षेत्र से दूरदर्शन कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया और विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

   

सम्बंधित खबर