देश के सभी उद्यमी, व्यापारी संगठनों को एक साथ लाया जाएगा : स्वदेशी व्यापारी मंच
- DSS Admin
- May 17, 2026
लखनऊ, 17 मई (हि.स.)। स्वदेशी व्यापारी मंच की दूसरे दिन रविवार को आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि देश के सभी उद्यमी, व्यापारी संगठनों को एक मंच पर लाया जाएगा। उनकी आवश्यकताओं और सुझावों का समाधान राज्य और केंद्र सरकार से इस मंच के माध्यम से कराया जाएगा।
संगठन के ध्येय, वाक्य, राष्ट्रहित, व्यापार हित और व्यापारी हित को केंद्र में रखकर इस मंच की गतिविधि को आगे बढ़ाया जाएगा। भारतवासी आत्मनिर्भर बने चाइना और अमेरिका के ऊपर आधारित होने के बजाए स्वदेशी उद्योग और स्वदेशी व्यापार को बढ़ावा दें, इसके लिए व्यापारी को निर्यातक बनाया जाएगा। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
राजधानी लखनऊ में दो सत्र में चली आज की बैठक को संबोधित करते हुए स्वदेशी व्यापारी मंच के सह संयोजक संदीप बंसल ने कहा कि अब व्यापारियों की समस्या के बजाय उसके समाधान पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समस्त व्यापारी एकजुट होकर एक छत के नीचे अपनी बात को रखेंगे तो बात ज्यादा प्रभावी और असरदार होगी और उसकी सुनवाई भी उतनी ही तेजी से होगी, इसलिए सभी संगठन के प्रतिनिधियों को स्वदेशी व्यापारी मंच में आने का सम्मानजनक तरीके से खुला निमंत्रण है।
महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी ने बताया कि आज की बैठक में प्रमुख रूप से संबोधन करने वालों में अखिल भारतीय पदाधिकारी कश्मीरी लाल, बालकृष्ण भरतिया, संदीप बंसल, अजय पटकी, राजकुमार मित्तल, राजीव कुमार सहित सभी पदाधिकारियों ने ऊर्जा बचाने का संकल्प लिया और करवाया। उपस्थित लगभग 18 राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने घर से प्रारंभ कर घर पर सोलर संयंत्र लगवाएंगे,ऊर्जा बचाएंगे, ऐसा संकल्प करवाया।
बैठक में महाराष्ट्र से शंकर ठक्कर, हैदराबाद से मनोहर लाल अग्रवाल, दिल्ली से पूनम चौधरी, सुल्तानपुर से अमर बहादुर, हिमांशु मालवीय, मथुरा से संजय गर्ग, सीतापुर से भगवती गुप्ता, राजस्थान कोटा से अनीता मीणा, देहरादून उत्तराखंड से पंकज मेसन, दिल्ली से राकेश द्विवेदी, चंद्रपुर महाराष्ट्र से ऐश्वर्य बागड़े, हॉकर्स एसोसिएशन से रविशंकर द्विवेदी सूरत, गुजरात से लक्ष्मण चौधरी, दिल्ली से देवेंद्र अग्रवाल, रायपुर छत्तीसगढ़ से अजय भसीन, स्वदेशी जागरण मंच पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी अनुपम श्रीवास्तव, अवध क्षेत्र के प्रभारी अमित सिंह, लखनऊ महानगर के अध्यक्ष सुरेश छबलानी, प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, महामंत्री अनुज गौतम, युवा महामंत्री शुभम मौर्या, सोशल मीडिया प्रभारी संजयनिधि अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

