दिव्यांगजनों के लिए वरदान बनी 'संबल' योजना, 21 चेहरों पर लौटी मुस्कान
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
कटिहार, 02 जुलाई (हि. स.)। शारीरिक चुनौतियों का डटकर सामना कर रहे दिव्यांगजनों के लिए गुरुवार का दिन एक नई उम्मीद और सौगात लेकर आया। कटिहार सदर स्थित 'बुनियाद केन्द्र' में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छात्र योजना संबल के तहत अनुमंडल कटिहार के 21 दिव्यांग भाई-बहनों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल प्रदान की गई। आधुनिक ट्राई साइकिल पाकर सभी लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, कटिहार द्वारा आयोजित इस वितरण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज में एक मजबूत और स्वतंत्र पहचान दिलाना है। बैट्री चालित ट्राई साइकिल मिल जाने से अब इन 21 चलंत दिव्यांगों को आवागमन के लिए किसी अन्य व्यक्ति के सहारे की आवश्यकता नहीं होगी। यह योजना उनके दैनिक जीवन के सफर को न सिर्फ आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनने में भी मदद करेगी।
कार्यक्रम का आयोजन प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बुनियाद केंद्र, कटिहार सदर तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के कई वरीय पदाधिकारी और कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रशासन दिव्यांगजनों के कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा भी काफी सराहना की जा रही है। लोगों का मानना है कि 'संबल' जैसी लाभकारी योजनाएं समाज के उस वर्ग को मुख्यधारा में जोड़ने का काम कर रही हैं, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।

