पुलिस ने सीईआई आर पोर्टल की मदद से खोजे ₹2.50 लाख के 17 मोबाइल, स्वामियों को सौंपे
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर निघासन पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, महंगे फोन पाकर खिले मालिकों के चेहरे
लखीमपुर खीरी, 14 जून (हि.स.)। जिले की पुलिस ने सर्विलांस की मदद से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निघासन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारत सरकार के तकनीकी (CEIR) सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से विभिन्न स्थानों से कुल 17 खोए हुए कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन सभी मोबाइलों की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹2,50,000 (दो लाख पचास हजार रुपये) है।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि रविवार को निघासन थाना परिसर में सभी 17 वैध स्वामियों को बुलाया गया और जरूरी विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके फोन ससम्मान सुपुर्द कर दिए गए। बरामद किए गए मोबाइलों में ₹21,999 की कीमत वाला रियलमी 'पी2 प्रो' सहित वीवो, सैमसंग गैलेक्सी, वनप्लस, ओपो, रेडमी जैसे उच्च श्रेणी के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।
काफी समय से खोए हुए अपने कीमती फोन वापस पाकर मोबाइल मालिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उपस्थित नागरिकों और मोबाइल स्वामियों ने खीरी पुलिस की इस तकनीकी तत्परता, त्वरित रिस्पॉन्स और कुशल कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा निघासन थाना पुलिस टीम का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस का कहना है कि जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए तकनीकी पोर्टल का ऐसा प्रयोग आगे भी जारी रहेगा।

