सिरमटोली फ्लाईओवर पर बाइक से स्टंट करने वालों की तलाश शुरु
- Admin Admin
- Jun 07, 2025

रांची,07 जून (हि.स.)। सिरमटोली फ्लाईओवर पर बाइक स्टंटबाजों से लोग परेशान हो रहे हैं। कुछ लोग खुलेआम स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। साथ ही कानून का मजाक भी उड़ा रहे हैं। यही नहीं स्टंट करने वालों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि वे स्टंट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं।
स्टंटबाजों की इसी हरकत को प्रदेश के मंत्री दीपक बिरुआ ने गंभीरता से लिया और सोशल मीडिया एक्स के जरिये तुरंत रांची के ट्रैफिक एसपी को निर्देश दिया कि स्टंट करने वाले लड़कों को चिन्हित कर इन्हें परिवहन का नियम बताएं और अविलंब कार्रवाई करें। ये लोग हुड़दंग करने वाले हैं, इनसे यह पूछा जाए की जीवन अनमोल है या जलवा।
मंत्री की ओर से मामले की जानकारी देते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई है। रांची के ट्रैफिक एसपी ने मंत्री को यह आश्वासन दिया है कि वीडियो में दिख रहे युवाओं की पहचान की जा रही है। उनपर नियम अनुसार कार्रवाई कर उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाएगी। सड़क सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली ने शनिवार को बताया कि नए फ्लाईओवर पर स्टंट करने वाले स्टंटबाजों की तलाश की जा रही है। जल्दी उन पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। दरअसल, इस तरह के स्टंट की वजह से एक तो स्टंट करने वालों की जान खतरे में होती ही है, साथ ही साथ जो लोग सड़क पर उस दौरान गुजरते हैं वे भी खतरे में होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे