जनगणना 2027 के तहत सेल्फ एन्यूमरेशन अभियान ने पकड़ी रफ्तार, विधायकों ने की भागीदारी की अपील

Self-enumeration campaign for Census 2027 picks up pace, MLAs appeal for participation


कठुआ, 19 मई । जनगणना 2027 के तहत चल रहे सेल्फ एन्यूमरेशन अभियान ने जिले में गति पकड़ ली है। अभियान के तीसरे दिन जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया और कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण ने स्वयं अपना सेल्फ एन्यूमरेशन पूरा कर इस राष्ट्रीय प्रक्रिया के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

कठुआ में विधायक डॉ. भारत भूषण का सेल्फ एन्यूमरेशन उनके निवास पर अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ, जहां जिला प्रशासन की टीम ने उन्हें डिजिटल प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी दी। वहीं तहसीलदार कठुआ विक्रम कुमार ने अपनी टीम के साथ विधायक राजीव जसरोटिया को सुचारू रूप से प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों विधायकों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सेल्फ एन्यूमरेशन एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो देश में सटीक और समावेशी जनसंख्या आंकड़े तैयार करने में सहायक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए घर बैठे इस प्रक्रिया को पूरा करें।

इधर, जिले भर में चार्ज अधिकारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान और विशेष शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। पंचायत, वार्ड और गांव स्तर पर लोगों को सेल्फ एन्यूमरेशन के महत्व, प्रक्रिया और लाभों के बारे में जानकारी देकर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने बताया कि जिले में इस अभियान को लेकर लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना सेल्फ एन्यूमरेशन अवश्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने इस कार्य के लिए विशेष टीमें, जागरूकता शिविर और सहायता तंत्र स्थापित किए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके और समावेशी विकास की मजबूत नींव रखी जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर