तृणमूल सरकार ने गंवाया विकास का अवसर : शमिक भट्टाचार्य

कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर विकास के अवसरों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण पश्चिम बंगाल विकास के एक बड़े अवसर से वंचित रह गया।

भट्टाचार्य ने दावा किया कि वर्ष 2016 में केंद्र सरकार ने राज्य के 780 जनगणना नगरों को शहरी प्रशासन के दायरे में लाकर योजनाबद्ध विकास का अवसर प्रदान करने की पहल की थी। उनके अनुसार, इस पहल के माध्यम से केंद्र की वित्तीय सहायता से सड़कों, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जा सकता था।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने इस पहल को लागू नहीं किया, जिसके कारण तेजी से विकसित हो रहे कई क्षेत्र आज भी अव्यवस्थित शहरीकरण की समस्याओं से जूझ रहे हैं और विकास के लाभों से वंचित हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता राजनीति नहीं, बल्कि विकास चाहती है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार केंद्र की आर्थिक सहायता, योजनाओं और तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर राज्य को आधुनिक और रहने योग्य शहरी व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ा सकती है।

भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि विकास के अवसर अब और नष्ट नहीं होंगे तथा भविष्य में सही निर्णयों के माध्यम से एक विकसित पश्चिम बंगाल का निर्माण किया जाएगा।

हालांकि, इन आरोपों पर राज्य सरकार या तृणमूल कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर