शिवपुरीः प्रेम प्रसंग के विवाद में झोलाछाप डॉक्टर की पीट-पीटकर हत्या, 15 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज

Image

शिवपुरी, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग अंतर्गत भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम भयावन में मंगलवार की रात एक झोलाछाप डॉक्टर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे एक विवाहित युवती से जुड़े प्रेम प्रसंग का विवाद कारण बना।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने भौंती थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले में 15 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। लेकिन आज बुधवार को एक बार फिर पीड़ित पक्ष ने अपनी मांगों को रखते हुए रोड जाम कर दिया जिसमें मांग रखी गई कि आरोपित लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए एवं उनके मकानों पर बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया जाए।

जानकारी के अनुसार ग्राम भयावन निवासी 40 वर्षीय प्रभान लोधी गांव में निजी क्लीनिक संचालित करता था। ग्रामीणों के अनुसार उसका गांव की एक विवाहित युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती की शादी करीब दो माह पूर्व उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में कर दी गई थी, लेकिन वह कुछ समय बाद मायके लौट आई थी और ससुराल जाने से इनकार कर रही थी।

मृतक की पत्नी रीना लोधी ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे रामनिवास पाल, उसके पुत्रों सहित 20 से अधिक लोग उनके घर पहुंचे और प्रभान लोधी को जबरन अपने साथ ले गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना परिजनों ने भौंती थाना पुलिस को दी। गंभीर रूप से घायल प्रभान लोधी को उपचार के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में भौंती थाने पहुंच गए और शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पहले भी विवादों में रहा था नाम

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार प्रभान लोधी का नाम इससे पहले भी महिलाओं से जुड़े विवादों में सामने आ चुका था। बताया जाता है कि दो अलग-अलग मामलों में हुए विवादों के चलते वह पूर्व में जेल भी जा चुका था। हालांकि इन मामलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सुबह हुई थी शिकायत, शाम को हुई हत्या

मृतक के भतीजे देवेंद्र लोधी ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह प्रभान की पत्नी, बेटी और बेटे के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसकी शिकायत लेकर वे भौंती थाने पहुंचे थे और पुलिस को संभावित खतरे की जानकारी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण यह गंभीर घटना घटित हुई।

युवती ने भी दर्ज कराया था मामला

जानकारी के अनुसार संबंधित युवती मंगलवार को भौंती थाने पहुंची थी, जहां उसने अपने पिता और भाई के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने कथित रूप से कहा था कि वह न मायके में रहना चाहती है और न ही ससुराल जाना चाहती है। इसके बाद उसे शिवपुरी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया था।

पुलिस जांच जारी

भौंती थाना पुलिस ने मामले में 15 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर