सिरसा: पुलिस के खिलाफ सडक़ों पर उतरे लोग,धरना देकर जताया विरोध
- Vijesh Sharma
- Jun 20, 2026

सिरसा, 20 जून । सिरसा जिले के कालांवाली में ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली से गुस्साए लोगों ने शनिवार को धरना प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस यातायात नियमों के पालन के नाम पर आमजन को बेवजह परेशान कर मोटा चालान काट रही है। छोटे दुकानदारों, दिहाड़ीदार मजदूरों और आम राहगीरों पर भारी जुर्माने लगाया जा रहा, जिन्हें भरना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है। लोगों ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य व्यवस्था सुधारना होना चाहिए न कि गरीब और मेहनतकश वर्ग पर आर्थिक बोझ डालना।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन से कार्रवाई में नरमी बरतने की मांग की। बढ़ते विरोध को देखते हुए कालांवाली के डीएसपी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। डीएसपी ने कहा कि भविष्य में किसी भी निर्दोष व्यक्ति या मजदूर वर्ग को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
धरने में दुकानदार, मजदूर, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि यातायात नियमों का पालन करवाने के साथ-साथ आम जनता की आर्थिक स्थिति और व्यावहारिक कठिनाइयों का भी ध्यान रखा जाए। डीएसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
---------------

