पुलिस को घेरकर आरोपी छुड़ाने वालों पर शिकंजा, दरौली कांड में 5 गिरफ्तार

सीवान, 20 मई (हि.स.)। जिले में दरौली थाना क्षेत्र के चकरी गांव में पुलिस टीम पर हमला कर अभियुक्त को छुड़ाने के मामले में सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 04 महिला समेत कुल 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को दरौली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चकरी गांव निवासी रमेश मांझी अपने घर पर अवैध शराब रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए दरौली थाना पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 25.84 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए आरोपी रमेश मांझी को हिरासत में ले लिया।

इसी दौरान रमेश मांझी के परिजनों एवं अन्य लोगों ने लाठी-डंडे से लैस होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिस अभिरक्षा से आरोपी रमेश मांझी को छुड़ाकर फरार करा दिया। घटना में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए दरौली थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान एवं प्राप्त आसूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त 04 महिला सहित कुल 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में दरौली थाने के चकरी निवासी राजेंद्र मांझी का पुत्र रमेश मांझी, शामिल है।

इस कार्रवाई में पु.अ.नि. विवेक कुमार, थानाध्यक्ष दरौली थाना एवं अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

   

सम्बंधित खबर