सिलीगुड़ी, 28 जून (हि. स.)। नशे के लिए पैसे देने से इनकार करना एक मां को भारी पड़ गया। सिलीगुड़ी के अशरफ नगर इलाके में बेटे द्वारा अपनी ही बुजुर्ग मां पर बेरहमी से हमला करने का मामला रविवार को सामने आया है। इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। आरोपित की पहचान मोहम्मद फरमोद के रूप में हुई है। जिसे पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, फरमोद पिछले कुछ समय से नशे का आदी है। शनिवार रात उसने नशे के लिए अपनी मां से पैसे मांगे, लेकिन मां के मना करने पर वह गुस्से में बेकाबू हो गया। आरोप है कि उसने लोहे की रॉड से अपनी मां पर हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग महिला के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गई। घटना के बाद आरोपित बेटा मौके से फरार हो गया। बाद में परिवार की शिकायत पर भक्तिनगर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

