सोनीपत, 4 अगस्त (हि.स.)। खेल महाकुंभ 2025 के अंतर्गत हरियाणा के राई स्थित खेल विश्वविद्यालय
में आयोजित राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में हरियाणा की बेटियों ने इतिहास रच
दिया। महिला वर्ग में सोनीपत की टीम ने करनाल को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि
पुरुषों में यमुनानगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस आयोजन ने प्रदेश
की नई खेल प्रतिभाओं को मंच दिया और खेलों को करियर विकल्प के रूप में स्थापित किया।
खेल विश्वविद्यालय, राई में संपन्न राज्य स्तरीय लॉन टेनिस
प्रतियोगिता का समापन गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ। समापन समारोह में विश्वविद्यालय
के कुलपति अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने
कहा कि हरियाणा सरकार की दूरदर्शी खेल नीति और मिशन ओलंपिक 2036 की तैयारियों से प्रदेश
एक वैश्विक खेल शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।
महिला वर्ग में सोनीपत की टीम ने करनाल को 2-0 से पराजित कर
स्वर्ण पदक हासिल किया। यमुनानगर ने तीसरे स्थान के मुकाबले में कुरुक्षेत्र को
2-0 से हराकर कांस्य पदक प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में यमुनानगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन
करते हुए स्वर्ण पदक जीता, रोहतक को रजत और सोनीपत को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। इस प्रतियोगिता
में खिलाड़ियों की अनुशासन, खेल भावना और तकनीकी दक्षता ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
भरे हुए स्टेडियम में उत्साह चरम पर रहा।
खेल विश्वविद्यालय, राई कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि राज्य
सरकार खेलों के क्षेत्र में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, कोचिंग, रोजगार और विश्वस्तरीय
सुविधाएं दे रही है। खेल अब केवल सपना नहीं, एक ठोस करियर विकल्प बन चुका है। खेल महाकुंभ
का यह आयोजन हरियाणा के खेल परिदृश्य में एक प्रेरक मील का पत्थर बनकर उभरा है। प्रदेश
की बेटियां और युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने को तैयार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना



