काउंटी क्रिकेट में खेलेंगे मानव सुथार, वारविकशायर ने किया दो मैचों का करार
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। भारत के युवा स्पिनर मानव सुथार को इंग्लैंड की काउंटी टीम वारविकशायर ने मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो मुकाबलों के लिए अनुबंधित किया है।
हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट पदार्पण करने वाले मानव सुथार अब 12 जून से स्कारबोरो में यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलेंगे। इसके बाद अगले सप्ताह टॉन्टन में समरसेट के खिलाफ भी टीम का हिस्सा रहेंगे। मानव ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में छह विकेट लिए थे। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया और पूरे मैच में कुल सात विकेट अपने नाम किए।
घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली थी। मानव अब तक 29 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 129 विकेट ले चुके हैं।
वारविकशायर के प्रदर्शन निदेशक जेम्स थॉमस ने कहा कि मानव टीम के गेंदबाजी आक्रमण को नया आयाम देंगे और उनका भारतीय टेस्ट टीम में चयन उनकी क्षमता को दर्शाता है।
मानव सुथार ने कहा कि वारविकशायर से जुड़ना उनके लिए बेहद उत्साहजनक अवसर है और वह टीम को खिताब की दौड़ में मदद करना चाहते हैं।
फिलहाल वारविकशायर छह मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ डिवीजन-एक अंकतालिका में चौथे स्थान पर है।
---------------

