न्यूज़ीलैंड ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को 160 रन से हराकर 2-1 से जीती टेस्ट सीरीज

हार के साथ समाप्त हुए बेन स्टोक्स का टेस्ट करियर

नॉटिंघम, 29 जून (हि.स.)। न्यूज़ीलैंड ने ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में सोमवार को इंग्लैंड को 160 रन से हराकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही न्यूज़ीलैंड ने इतिहास रचते हुए इंग्लैंड की धरती पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद वापसी कर पहली बार सीरीज जीतने का कारनामा किया।

मैच के चौथे दिन 373 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की दूसरी पारी 212 रन पर सिमट गई। विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने 60 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई बड़ा साथ नहीं मिला।

न्यूज़ीलैंड के लिए जैकब फॉल्क्स ने तीन विकेट झटके, जबकि स्पिनर मिचेल सैंटनर ने अहम सफलता दिलाई। अंतिम विकेट नाथन स्मिथ के शानदार कैच के साथ गिरा, जिसने न्यूज़ीलैंड की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी।

इससे पहले न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 438 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम 354 रन पर ऑलआउट हो गई, जिससे मेहमान टीम को 84 रन की बढ़त मिली।

दूसरी पारी में न्यूज़ीलैंड ने 9 विकेट पर 288 रन बनाकर पारी घोषित की। डैरिल मिचेल ने नाबाद 100 रन और रचिन रवींद्र ने 94 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की बढ़त 372 रन तक पहुंचा दी।

इंग्लैंड की हार के साथ कप्तान बेन स्टोक्स का टेस्ट कप्तानी करियर भी निराशाजनक अंत के साथ समाप्त हुआ। स्टोक्स अपने कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया, भारत या न्यूज़ीलैंड जैसी बड़ी टीम के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज जीतने में सफल नहीं हो सके।

दूसरी ओर, टॉम लैथम की कप्तानी में न्यूज़ीलैंड ने पिछले 18 महीनों में दूसरी बड़ी ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दर्ज की। इससे पहले उसने 2024 में भारत को उसकी सरजमीं पर 3-0 से हराया था।

संक्षिप्त स्कोर

न्यूज़ीलैंड: 438 और 288/9 घोषित (डैरिल मिचेल 100* , रचिन रवींद्र 94)

इंग्लैंड: 354 और 212 (जेमी स्मिथ 60; जैकब फॉल्क्स 3/52)

परिणाम: न्यूज़ीलैंड 160 रन से विजयी, सीरीज 2-1 से जीती।

---------------

   

सम्बंधित खबर