भाेपाल स्मार्ट सिटी पार्क में छात्र से चाकू की नोक पर लूट, नकदी- ईयरफोन छीने

यूपीआई से भी कराए पैसे ट्रांसफर, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में एक छात्र के साथ चाकू की नोक पर लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने पहले छात्र को धमकाया और मारपीट की, फिर उसकी जेब से नकदी व ईयरफोन लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने छात्र के मोबाइल से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराकर अपने खाते में रुपए भी ट्रांसफर करा लिए।

घटना रविवार देर रात की है, जबकि पुलिस ने तड़के मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। श्यामला हिल्स थाना प्रभारी नीलम पटवा के अनुसार, 23 वर्षीय दीपू यादव एक निजी कॉलेज का छात्र है। रविवार रात वह अपनी कॉलेज फ्रेंड के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में बैठा हुआ था। इसी दौरान दो युवक हाथ में चाकू लेकर वहां पहुंचे। स्थिति को भांपते हुए छात्र ने अपनी दोस्त को तत्काल वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू दिखाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

मारपीट कर छीने 2 हजार रुपए और ईयरफोन

आरोपियों ने छात्र के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे करीब 2 हजार रुपए नकद तथा ईयरफोन छीन लिए। इसके बाद भी बदमाश नहीं रुके। उन्होंने छात्र को धमकाकर उसका मोबाइल फोन लिया और फोन-पे एप के जरिए करीब 1200 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित छात्र सीधे श्यामला हिल्स थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने छात्र से आरोपियों का हुलिया और अन्य विवरण लेकर तत्काल जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कृष्णा और रितिक के रूप में की। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

12 घंटे में गिरफ्तारी, पूछताछ जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे पहले किसी अन्य लूट या आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।

---------------

   

सम्बंधित खबर