घोड़ाखाल एनसीसी शिविर में सूबेदार मेजर पांडे ने कैडेटों को किया प्रेरित

नैनीताल, 17 जून (हि.स.)। एनसीसी की 79 यूके बटालियन द्वारा बुधवार को घोड़ाखाल में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी) के अंतर्गत प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक, पूर्व सैनिक, खेल प्रशासक एवं प्रशिक्षक सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर सुरेश चंद्र पांडे ने कैडेटों को प्रेरणादायी व्याख्यान दिया।

उन्होंने अनुशासन, दृढ़ संकल्प, नियमित अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और राष्ट्रभक्ति को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि जीवन और खेल दोनों में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही लक्ष्य तक पहुंचाती है। उल्लेखनीय है कि अल्मोड़ा जनपद में 7 अगस्त 1963 को जन्मे सुरेश पांडे वर्ष 1981 में कुमाऊँ रेजीमेंट में भर्ती हुए थे।

उन्होंने वर्ष 1985 और 1986 में राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री तथा ओपन मैराथन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते, आईएएएफ विश्व क्रॉस कंट्री चौम्पियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया तथा केन्या, जापान, मलेशिया और सिंगापुर सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया।

वर्ष 1996 में 20वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चौम्पियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने खेल उपलब्धियों के साथ शिक्षा और प्रशिक्षण को महत्व देते हुए अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार किया। 60 वर्ष की आयु पार करने के बाद भी वे नियमित अभ्यास कर युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित उत्तराखण्ड खेल विभाग में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके पांडे को लक्ष्मण पुरस्कार और मुख्यमंत्री खेल पुरस्कार सहित अनेक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी अधिकारियों, एएनओ, पीआई स्टाफ एवं कैडेटों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए उनके विचारों को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

   

सम्बंधित खबर