बुलंदशहर: प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर पर छात्राओं से 'बैड टच' का आरोप, परिजनों ने पिटाई के बाद दर्ज कराया मुकदमा
- DSS Admin
- May 19, 2026
बुलन्दशहर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मंगलवार को शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर पर नाबालिग छात्राओं के साथ 'बैड टच' करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है।
बच्चियों ने बयां किया दर्द, परिजनों का फूटा गुस्सा
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाली मासूम बच्चियों ने अपने घर पहुँचकर परिजनों को शिक्षक के बैड टच की इस घिनौनी हरकत की जानकारी दी। बच्चियों की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। गुस्साएं अभिभावक भारी संख्या में स्कूल पहुँच गए और हंगामा करते हुए आरोपित शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
इस घटना के बाद आरोपित शिक्षक फरार हो गया। इसके बाद कई पीड़ित छात्राओं के अभिभावक जहांगीराबाद थाने पहुँचे और आरोपित शिक्षक के खिलाफ एक सामूहिक (शिकायत पत्र) सौंपा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया है।
आरोपित शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपित शिक्षक मौका पाकर फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आरोपित के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------

